

भारत के 76वें गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने 139 पद्म पुरस्कारों को मंज़ूरी दी, जिसमें सात पद्म विभूषण, 19 पद्म भूषण और 113 पद्म श्री पुरस्कार शामिल हैं.
पद्म पुरस्कारों में सिनेमा, राजनीति, खेल जगत, चिकित्सा और कला समेत कई क्षेत्रों से आने वाली हस्तियां शामिल हैं.
पद्म विभूषण पाने वालों में सुज़ुकी के पूर्व प्रमुख ओसामू सुज़ुकी, लोक गायिका शारदा सिन्हा और मलयालम लेखक एमटी वासुदेवन नायर (मरणोपरांत) का नाम शामिल है.
बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी, अर्थशास्त्री बिबेक देबरॉय और ग़ज़ल गायक पंकज उधास (मरणोपरांत) को पद्म भूषण से नवाज़ा गया है.
सात लोगों को पद्म विभूषण दिया गया है जिनमें डी नागेश्वर रेड्डी, जगदीश सिंह खेहर, कुमुदिनी रजनीकांत लाखिया, लक्ष्मीनारायन सुब्रमणियम, एमटी वासुदेवन नायर (मरणोपरांत), ओसामू सुजुकी (मरणोपरांत) और शारदा सिन्हा (मरणोपरांत) का नाम शामिल है.
पद्म भूषण 19 लोगों को दिया गया है जिसमें प्रमुख नाम हैं- पीआर श्रीजेश (खेल), पंकज पटेल (उद्योगपति), पंकज उधास (मरणोपरांत), साध्वी ऋतंभरा, सुशील कुमार मोदी (मरणोपरांत), जतिन गोस्वामी, बिबेक देबरॉय (मरणोपरांत), शेखर कपूर (कला) आदि.
पद्म श्री पुरस्कारों के लिए 113 लोगों के नामों की घोषणा हुई है, जिनमें प्रमुख नाम हैं- आर अश्विन (पूर्व क्रिकेटर), अरुंधति भट्टाचार्य (एसबीआई की पूर्व अध्यक्ष), पूर्व आईपीएस अधिकारी और महावीर मंदिर ट्रस्ट के संस्थापक किशोर कुमार (मरणोपरांत), बैजनाथ महाराज, कलाकार निर्मला देवी, पवन गोयंका (उद्योग) आदि.
भारत रत्न, पद्म विभूषण और पद्म भूषण के बाद पद्म श्री अवॉर्ड भारत का चौथा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान है.
समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, जिन प्रमुख लोगों को पद्म पुरस्कारों को चुना गया उनमें बिहार के भोजपुर के समाजिक कार्यकर्ता भीम सिंह भवेस हैं. उन्हें पद्म श्री पुरस्कार दिया गया है. उन्हें मुसहर समुदाय के उत्थान के लिए काम करने के लिए यह पुरस्कार दिया गया. वह पिछले 22 सालों से नई आशा फ़ाउंडेशन चला रहे हैं.
नगालैंड के फल उगाने वाले किसान एल हैंगथींग को पद्म श्री से नवाजा गया है. वह पिछले 30 सालों से विशेष फलों की प्रजाति उगा रहे हैं.
पद्म पुरस्कारों की पूरी सूची यहां देखी जा सकती है.
सूची में विशिष्ट नाम
इन पुरस्कारों में गोवा मुक्ति संघर्ष में शामिल रहे 102 साल के लिबिया लोबो सरदेसाई से लेकर माहेश्वरी उद्योग को पुनर्जीवित करने के लिए पांच दशक तक काम करने वाले अमेरिकी मूल के 82 साल के सैली होल्कर का नाम शामिल है.
पद्म श्री पाने वालों में 48 साल की शैखा अज अल-सबाह भी हैं जिन्होंने में कुवैत में पहला वैध योगा स्टूडियो खोला था.
ब्राज़ील के नागरिक जोनास मासेत्ती भी इस सूची में हैं जो पेशे से मकैनेकिल इंजीनियर थे, जो बाद आध्यात्मिक गुरु बन गए.
पश्चिम बंगाल के ढाक वादक 57 साल के गोकुल चंद्र डे भी इस सूची में शामिल हैं.
सुजनी कढ़ाई को जीआई टैग दिलाने में बड़ी भूमिका निभाने वाली निर्मला देवी को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा.
द वॉल के नाम से मशहूर भारतीय हॉकी टीम के पूर्व गोलकीपर पी आर श्रीजेश को पद्म भूषण दिया गया है.
तेलुगू स्टार नंदामुरी बालाकृष्ण को पद्म भूषण दिया गया है.
नीतीश कुमार ने क्या कहा

लोक गायिका शारदा सिन्हा और सुशील कुमार मोदी को पद्म पुरस्कार दिए जाने पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खुशी ज़ाहिर की है.
उन्हों ने एक्स पर लिखा, “बिहार कोकिला स्व. शारदा सिन्हा जी को कला के क्षेत्र में पद्म विभूषण (मरणोपरांत), स्व. सुशील कुमार मोदी जी को लोक कार्य के क्षेत्र में पद्म भूषण (मरणोपरांत) एवं स्व. आचार्य किशोर कुणाल जी को सिविल सेवा के क्षेत्र में पद्म श्री (मरणोपरांत) का सम्मान मिलना बिहार के लिए गौरव की बात है.”
उन्होंने लिखा, “श्री भीम सिंह भवेश जी को समाज सेवा के क्षेत्र में, डॉ. हेमंत कुमार जी को मेडिसिन के क्षेत्र में, श्रीमती निर्मला देवी जी को कला के क्षेत्र में एवं श्री विजय नित्यानंद सुरीश्वर जी महाराज को आध्यात्म के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं.”
वीरता पुरस्कार

राष्ट्रपति ने गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर दो कीर्ति चक्र और 14 शौर्य चक्र सहित कई वीरता पुरस्कारों को भी मंजूरी दी.
कीर्ति चक्र मेजर मंजीत को और मरणोपरांत नायक दिलवर खान को देने की घोषणा की गई है.
शौर्य चक्र पुरस्कार के विजेताओं में मेजर आशीष दहिया (50 आरआर), मेजर कुणाल (1 आरआर), मेजर सतेंदर धनखड़ (4 आरआर), कैप्टन दीपक सिंह (48 आरआर -मरणोपरांत) और सहायक कमांडेंट एशेंथुंग किकोन, 4 असम राइफल्स हैं.
इसके अलावा शौर्य चक्र सूबेदार विकास तोमर 1 पैरा, सूबेदार मोहन राम 20 जाट रेजिमेंट, हवलदार रोहित कुमार डोगरा (मरणोपरांत), हवलदार प्रकाश तमांग 32 आरआर, फ्लाइट लेफ्टिनेंट अमन सिंह हंस, कॉर्पोरल डाभी संजय हिफाबाई एस्सा, विजयन कुट्टी जी (मरणोपरांत), केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के डिप्टी कमांडेंट विक्रांत कुमार और निरीक्षक जेफरी हिंगचुल्लो को भी देने का एलान किया गया.
साथ ही सूची में 30 परम विशिष्ट सेवा पदक, पांच उत्तम युद्ध सेवा पदक, 57 अति विशिष्ट सेवा पदक, 10 युद्ध सेवा पदक, 43 सेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण), आठ नौसेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण), 15 वायु सेना पदक (कर्तव्य के प्रति समर्पण) और 132 विशिष्ट सेवा पदक सहित कई पदक शामिल हैं.